November 10, 2025
]]]]]]>]]]]>]]>
बलरामपुर मुनादी।। रामानुजगंज जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई है। धनंजय ज्वेलर्स चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नकना निवासी उमेश सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात ग्राम दहेजवार स्थित धनंजय ज्वेलर्स में छह चोरों ने दो बाइकों पर सवार होकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के इस मामले में पुलिस ने पांच चोर और चार खरीदारों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इन्हीं में से एक आरोपी उमेश सिंह की रविवार तड़के करीब 4:30 बजे मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि उमेश सिंह को सिकलसेल की बीमारी थी, रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप — “पुलिस की पिटाई से गई जान”
दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने पुलिस के दावे को सिरे से खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि उमेश सिंह की मौत पुलिस की बेरहम पिटाई से हुई है। मृतक की मां अगरमती सिंह, बहन और भाभी ने कहा कि उमेश सिंह को किसी प्रकार की बीमारी नहीं थी, वह पूरी तरह स्वस्थ था।
परिजनों ने इस मामले में न्यायिक जांच की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बलरामपुर अस्पताल पहुंचे, जहां कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
संभावित अप्रिय स्थिति को देखते हुए बलरामपुर कोतवाली परिसर और अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मामले की पृष्ठभूमि
30 अक्टूबर को हुई इस बड़ी चोरी में चोरों ने गहनों के साथ साढ़े तीन लाख रुपए नकद भी उड़ाए थे। सीसीटीवी फुटेज में छह आरोपी दो बाइकों पर सवार दिखाई दिए थे। पुलिस ने इनकी पहचान कर एक सप्ताह के भीतर उमेश सिंह सहित पांच चोरों को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर अंबिकापुर के एक ज्वेलर्स संचालक और दो सहयोगियों को भी चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़ा गया था।
पुलिस की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में मृतक उमेश सिंह का नाम उल्लेखित नहीं किया गया है।
Your browser does not support the video tag.
Your browser does not support the video tag.