राजधानी रायपुर के भांठागांव चौक स्थित रावणभांठा मैदान में इन दिनों डिज्नीलैंड मेला लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत और मनोरंजन एक साथ देने के लिए इस मेले में कुछ खास तैयारियां की गई हैं. मेला प्रबंधन की ओर से दावा किया जा रहा है कि इस बार का आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य और मनोरंजक है.
डिज्नीलैंड मेला नाम ही इस बात की गवाही देता है कि यह मेला बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए खास है. मेले के आयोजक ग्रुप के जिम्मी मेहता ने बताया कि इस बार की थीम “कश्मीर सिटी” पर आधारित है. जिसमें छत्तीसगढ़ के लोग राजधानी रायपुर में बैठकर ही कश्मीर की ठंडक और खूबसूरती का अनुभव कर सकते हैं.
कश्मीर सिटी में बर्फ जैसे फुहारे और सेल्फी पॉइंटमेले का सबसे बड़ा आकर्षण है कश्मीर सिटी, जिसे विशेष रूप से कश्मीर के वातावरण की तर्ज पर डिजाइन किया गया है. यहां बर्फ जैसे फुहारे, ठंडी हवा और खूबसूरत सजावट के जरिए कश्मीर के नज़ारों को जीवंत किया गया है. सेल्फी प्रेमियों के लिए अलग-अलग थीम पर आधारित सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं, जहां हर उम्र के लोग अपनी यादों को कैमरे में कैद कर सकते हैं.अगर आप गर्मी की छुट्टियों में किसी हिल स्टेशन पर नहीं जा पा रहे हैं, तो निराश होने की जरूरत नहीं है. आप अपने परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ इस मेले में आकर एक खास अनुभव ले सकते हैं. कश्मीर सिटी में प्रवेश शुल्क मात्र 80 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है.
देशभर के सामान से सजी हैं 150 दुकानेंमेले में शॉपिंग लवर्स के लिए भी बहुत कुछ खास है. यहां देश के विभिन्न राज्यों से आए हुए व्यापारियों ने लगभग 150 दुकानें सजाई हैं. इन दुकानों में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक की विशेष वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. कपड़े, हस्तशिल्प, घरेलू सामान, खिलौने, गहने और कई तरह के खानपान की चीजें यहां मौजूद हैं. मेले में कुल 70 से 80 विभिन्न वेरायटी के स्टॉल लगे हुए हैं, जहां लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं.
200 फीट ऊंचा स्क्रीन टॉवर झूला बना आकर्षणमनोरंजन प्रेमियों के लिए झूलों की भी विशेष व्यवस्था की गई है. यहां एक से बढ़कर एक झूले लगे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है ‘स्क्रीन टॉवर’ नामक झूला, जिसकी ऊंचाई 200 फीट बताई जा रही है. मेला प्रबंधन का दावा है कि यह एशिया का सबसे ऊंचा झूला है. इस झूले की टिकट कीमत 50 से 100 रुपए प्रति व्यक्ति रखी गई है.
खाने-पीने की भी भरपूर व्यवस्थामेले में स्वाद के शौकीनों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं. चाट-पकौड़ी, मोमोज, कुल्फी, आइसक्रीम, जूस और देशी व्यंजन से लेकर फास्ट फूड तक यहां हर स्वाद उपलब्ध है. डिज्नीलैंड मेला हर शाम लोगों की भीड़ से गुलजार हो रहा है. यदि आप अब तक नहीं गए हैं, तो इस बार की छुट्टियों को खास बनाने रावणभांठा मैदान के डिज्नीलैंड मेले में जरूर जाएं.