बिलासपुर: भारतीय रेलवे समाज के हर वर्ग को समावेशी और सम्मानजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है. इसी दिशा में बिलासपुर मंडल ने दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है. अब रेल यात्रा में दिव्यांग यात्रियों को न केवल किराए में भारी छूट मिलेगी, बल्कि इस सुविधा को प्राप्त करने की प्रक्रिया भी पहले से कहीं अधिक सरल, पारदर्शी और डिजिटल हो गई है. वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के नेतृत्व में बिलासपुर मंडल ने 2964 दिव्यांग रियायत पहचान कार्ड जारी किए हैं. इस प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे दिव्यांगजन घर बैठे इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं.
ऑनलाइन रियायत कार्ड सेवा, घर बैठे करें आवेदनरेलवे की नई पहल के तहत बिलासपुर मंडल में दिव्यांग रेल रियायत पहचान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है. आवेदक https://divyangjanid.indianrail.gov.in पर लॉगिन कर स्वयं को पंजीकृत कर सकते हैं और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं. सत्यापन के बाद कार्ड जारी किया जाता है और इसकी जानकारी SMS के जरिए से दी जाती है.
दिव्यांगजनों के लिए श्रेणी अनुसार रियायतेंरेलवे विभिन्न श्रेणियों दृष्टिहीन, मानसिक रूप से अस्वस्थ, श्रवण और वाणी बाधित के साथ ही ऑर्थोपेडिकली हैंडिकैप्ड यात्रियों को रेल किराए में 25% से 75% तक की रियायत देता है. अब 2025 से रेलवे ने दृष्टिहीन यात्रियों के लिए अलग प्रारूप (एनेक्सचर-1) और अन्य श्रेणियों के लिए अलग प्रारूप (एनेक्सचर-2) लागू किया है.
अब 90% या अधिक दृष्टिहीनता पर भी रियायत संभवनए बदलाव के तहत दृष्टिहीनता की 90% या उससे अधिक स्थिति में भी रियायत का प्रावधान किया गया है. यह विशेष रूप से दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर है.
सहायक (एस्कॉर्ट) को भी समान रियायत का लाभयदि दिव्यांग यात्री के साथ एक सहयोगी (एस्कॉर्ट) यात्रा करता है तो उसे भी वही रियायत मिलती है. एक बार जारी हुआ रियायत कार्ड रेलवे के सॉफ्टवेयर में अपडेट कर दिया जाता है, जिससे टिकट बुकिंग के समय कार्ड की फोटोकॉपी प्रस्तुत कर रियायत प्राप्त की जा सकती है. यह सुविधा ई-टिकट बुकिंग में भी उपलब्ध है.
कार्ड बनाने के लिए जरूरी दस्तावेजजिला अस्पताल से जारी दिव्यांग प्रमाणपत्र, रेलवे रियायत प्रमाण पत्र (बिलासपुर मंडल के अंतर्गत सरकारी अस्पताल से जारी), आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो सहित इन सभी दस्तावेजों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना जरूरी है.
सम्पर्क और सहायतादिव्यांग रियायत कार्ड से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए यात्री बिलासपुर मंडल की हेल्पलाइन 9630015345 पर संपर्क कर सकते हैं.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का संदेशअनुराग कुमार सिंह ने बताया, “हमारा उद्देश्य है कि दिव्यांगजन रेलवे की सेवाओं का लाभ एक सहज, पारदर्शी और आत्मसम्मानजनक प्रक्रिया के तहत प्राप्त करें. यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर बनने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर देती है.”