Neem Ke Upay: शनि या राहु-केतु की पीड़ा से बचने के लिए क्या करें? यह सवाल आपका भी हो सकता है. वैसे तो न्याय के देवता की टेड़ी नजर से बचने के लिए लोग तमाम उपाय करते हैं, लेकिन एक आसान उपाय अधिक कारगर हो सकता है. यह उपाय है घर के बाहर नीम का पौधा लगाना. जी हां, हिन्दू धर्म में नीम के पेड़ की खूब पूजा की जाती है. इस पेड़ का सेहत और ज्योतिष उपायों के दृष्टि से अपना विशेष स्थान है. ज्योतिष आचार्यों की मानें तो, नीम का पेड़ शनि के दोषों को खत्म करता है. लेकिन, ध्यान रहे कि आपको नीम का पेड़ सही दिशा में लगाना है. ऐसा करने से दोषों से मुक्ति मिलेगी, साथ ही घर में बरकत होने लगेगी. अब सवाल है कि आखिर नीम का पौधा लगाने से किन दोषों से मुक्ति मिलेगी? इस बारे में News18 को बता रहे हैं उन्नाव के ज्योतिषाचार्य ऋषिकांत मिश्र शास्त्री-
घर के बाहर क्यों लगाना चाहिए नीम का पेड़
ज्योतिषाचार्य ऋषिकांत मिश्र शास्त्री बताते हैं कि, घर के बाहर नीम का पेड़ होने से नकारात्मक शक्तियों की हानि होती है. साथ ही, नीम का पेड़ शनि, राहु-केतु की पीड़ा से भी बचाता है. ऐसे में यदि घर के बाहर सही दिशा में इस पेड़ को लगाते हैं तो घर की बरकत होने लगती है.
घर के बाहर किस दिशा में लगाएं नीम का पेड़
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, नीम के पेड़ का सीधा संबंध मंगल ग्रह से होता है. इसके साथ ही केतु और शानि ग्रह भी इससे संबंध रखते हैं. ऐसे में यदि आप नीम का पेड़ लगाना चाहते हैं तो दक्षिण दिशा बेहद शुभ रहेगी. दक्षिण दिशा में नीम का पेड़ लगाने से घर में लंबे समय से रुकी बरकत दोबारा से शुरू हो जाएगी.
घर के बाहर नीम का पेड़ लगाने के लाभ
पितृ दोष होगा दूर: हिन्दू धर्म में नीम के पेड़ को नीमाड़ी देवी कहा जाता है. इस पेड़ में देवी का वास होने से इसका पूजन किया जाता है. मान्यता है कि इस पेड़ की लकड़ियों से हवन करने से वास्तु दोष दूर हो जाते हैं. परिवार में सुख-शांति आती है और पितृ दोष से भी मुक्ति मिलती है. साथ ही, नीम की पत्तियों से घर में धुआं करने से नकारात्मक शक्तियां नष्ट होती है.
शनि-मंगल दोष से मुक्ति: नीम के पेड़ का मंगल ग्रह से संबंध होता है. इसके चलते इस पेड़ पर जल अर्पित करने से हनुमान जी प्रसन्न होते हैं, जिसके फलस्वरूप वह मंगल के दुष्प्रभाव के खत्म करते हैं. इसके साथ ही, नीम की माला पहनने से शनि के दोषों को टाला जा सकता है. वहीं, कुंडली में केतु ग्रह शांत करने के लिए नीम की पत्तियां पानी में डालकर स्नान करें.
इन राशिवालों को लाभ: घर के बाहर पेड़ लगाने और उसकी पूजा करने से कई राशि वालों को विशेष लाभ मिलता है. ज्योतिषशास्त्र में शनि को मकर और कुंभ राशि का स्वामी माना जाता है. इसलिए शनिदेव की पूजा करने से इन राशि वालों को विशेष फल मिलता है. शनि खुश रहें, इसीलिए घर के बाहर नीम का पेड़ लगाया जाता है.