Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों तक बारिश का अलर्ट, अंधड़ के साथ गिर सकते हैं ओले, IMD का अलर्ट



बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न द्रोणिकाओं के प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज हवा, गरज-चमक के साथ वर्षा और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इसके बाद मौसम सामान्य होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर अंधड़ और वज्रपात को लेकर चेतावनी भी जारी की है. वहीं तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है.

सिनॉप्टिक सिस्टम का प्रभाव

पश्चिमी विक्षोभ इस समय दक्षिण पंजाब, उत्तरी राजस्थान और पश्चिम हरियाणा के ऊपर 5.8 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है. इसके साथ ही एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका पंजाब से उत्तर केरल तक फैली है, जो हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और कर्नाटक से होकर गुजर रही है. एक अन्य पूर्व-पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पूर्व राजस्थान से लेकर बांग्लादेश तक विस्तृत है, जो उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजरती है.

गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी

प्रदेश में 3 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है. मौसम विभाग ने 4 मई को भी प्रदेश में गरज-चमक और वर्षा के साथ अंधड़ की चेतावनी जारी की है.

5 मई से गतिविधियों में कमी की उम्मीदअगले तीन दिनों तक मौसम अस्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद अंधड़, ओलावृष्टि और वर्षा की तीव्रता में कमी आने की संभावना है. अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने का अनुमान है. वहीं पिछले 24 घंटे की बाज की जाए तो प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.4°C जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.0°C दर्ज किया गया. रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा. गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आस-पास रहने की संभावना है.

वर्षा के प्रमुख आंकड़े (सेमी में)

घुमका 3, चांपा 2, सोनाखान 2, दुर्ग 2, गोबरा नवापारा 2, भानुप्रतापपुर 2, बालोद 2, बीजापुर 2, थानखमरिया 2, अर्जुन्दा 1, बोड़ला 1, कवर्धा 1, देवकर 1, अभनपुर 1, अहिवारा 1, धमधा 1, राजनांदगांव 1, गिधौरी टुंड्रा 1, पिपरिया 1, डौंडी 1, मर्री बंगला देवरी 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई है.



Source link

Leave a Comment