अम्बिकापुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. अम्बिकापुर शहर सहित जिले के कई इलाकों में तेज आंधी तूफान के साथ झमाझम बारिश हो रही है. दरअसल, अरब सागर से आ रही नमी और हिमालयन क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में बीते चार दिनों से दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली, धूल भरी आंधी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की शुरुआत हुई है. यही वजह है कि आज कई इलाकों में आंधी तूफान के साथ झमाझम बारिश हो रही है. वहीं, सरगुजा में भीषण गर्मी से आम लोगों को राहत मिली है. अगर मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण अचानक मौसम बदला है साथ ही मौसम में तब्दीली से अगले कुछ दिनों तक बादलों के आवाजाही के कारण ऐसी स्थिति बने रहने वाली है. तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी साथ ही साथ मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है.
इन दिनों सरगुजा जिले में मौसम केंद्र के मुताबिक हीट वेव सक्रिय था और शहर में 10 बजे से शाम तक भीषण गर्मी व तपिश से आम लोग परेशान नजर आ रहे थे. लोग घरों से निकलना नहीं चाहते थे लेकिन अब मौसम के बदलने से आम लोगों को राहत मिली है और ठंडी हवाएं शुरू हो गई हैं.
बारिश के साथ ओले गिरने की संभावनामौसम के बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है और किसानों को बेमौसम बारिश के चलते नुकसान उठाना पड़ सकता है. इन दिनों किसानों ने गेहूं व अन्य सब्जियों की फसल अपने खेतों में लगाई है जिससे उनकी फसल अब बर्बाद हो जाएगी. चुकी बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना है और अभी फिलहाल आंधी तूफान के साथ बारिश हो रही है.
छत्तीसगढ़ के 26 जिले सरगुजा, सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के कुछ स्थानों में तेज आंधी (50-60 KMPH की स्पीड से) और गरज-चमक के साथ बारिश होने और ओले गिरने की भी संभावना है, और इसको लेकर मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है.