नई दिल्ली. पिछले दस दिनों में भारतीय क्रिकेट में दो कुछ हुआ उसकी धुरी विराट कोहली के इर्द-गिर्द घूमती रही. और अब आईपीएल सीजन 18 की शुरुआत हो रही है तो एक बार फिर पहले ही मैच से आकर्षण का केंद्र होंगे किंग कोहली. इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि जो घटनाक्रम हुआ उससे विराट कितना आहत है और उनका गुस्सा मैदान पर निकलेगा इस बात की भी प्रबल संभावना है .
दस दिनों के अप्रत्याशित रूकावट के बाद आरसीबी और केकेआर दोनों अपने-अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पूरा जोर लगायेंगे. आरसीबी 11 मैचों में 16 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है और यहां जीत टीम के लिए प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की कर देगी. केकेआर 12 मैचों में 11 अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर है और एक भी हार मौजूदा चैंपियन की नॉकआउट में जगह बनाने की उम्मीदों को खत्म कर देगी.
विराट विजयरथ को रुकने नहीं देंगें
लीग की रुकावट से पहले विराट कोहली शानदार लय में थे. 11 मैचों में 63.13 की औसत से 505 रन बना चुके थे जब भारतीय क्रिकेट में भूचाल आया और विराट ने अपने फेवरेट फॉर्मेट को अलविदा कह दिया. ये विराट का ही जलाल था कि आरसीबी ने जहां अपने पिछले चारों मैचों में जीत दर्ज की .मेजबान टीम के अधिकांश विदेशी खिलाड़ी भी भारत-पाक सैन्य टकराव के बाद स्वदेश लौट आए हैं. फिल साल्ट, लुंगी एनगिडी, टिम डेविड, लियाम लिविंगस्टोन और रोमारियो शेफर्ड जैसे खिलाड़ी टीम के लिए उपलब्ध हैं. जो विराट की ताकत को और बढ़ाएंगे. आरसीबी पडिक्कल की जगह लेने वाले मयंक अग्रवाल से इस मौके को भुनाने की उम्मीद करेगी. वहीं हेजलवुड के कंधे में चोट है पर फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि वो जल्दी टीम को ज्वाइन कर लेगें.
केकेआर के लिए करो या मरो की स्थिति
कागजों पर दोनों टीमों की तुलना करें तो इसमें कोई शक नहीं की केकेआर पर आरसीबी का पलड़ा भारी होगा. केकेआर को मौजूदा सत्र में सबसे ज्यादा निराशा अपने बल्लेबाजों से हुई है. कप्तान अजिंक्य रहाणे और युवा अंगकृष रघुवंशी के अलावा किसी भी बल्लेबाज ने निरंतरता नहीं दिखायी हैं. टीम के लिए लीग चरण के सभी मैच करो या मरो की तरह है ऐसे में उसे वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह से प्रभावी पारियों की उम्मीद होगी. टीम को इंग्लैंड के अनुभवी हरफनमौला मोईन अली की कमी खलेगी. मोईन वायरल बुखार के कारण लीग से बाहर हो गये हैं. वरुण चक्रवर्ती, सुनील नारायण, वैभव अरोड़ा और हर्षित राणा की केकेआर की गेंदबाजी लाइन-अप ने कई मौकों पर महंगे साबित होने के बावजूद अपनी पकड़ बनाए रखी है.
दोनो टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल साल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), मयंक अग्रवाल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, यश दयाल
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान),अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह,रहमानुल्लाह गुरबाज, सुनील नारायण, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वेंकटेश अय्यर, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा