छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भारतीय सेना के अदम्य साहस और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में शनिवार को तिरंगा रैली निकाली गई. यह रैली कोतवाली चौक से शुरू होकर घड़ी चौक तक पहुंची, जहां देश की सेना के सम्मान में जनसभा आयोजित की गई. रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और युवाओं ने भाग लिया. तिरंगा रैली का आयोजन कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष पर्यटकों की हत्या के विरोध और सेना की जवाबी कार्रवाई के समर्थन में किया गया. भारतीय सेना ने इस हमले का बदला लेते हुए पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को करारा जवाब दिया, जिसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया. इस अभियान में सेना ने दुश्मनों को भारी नुकसान पहुंचाया और देश का परचम फिर एक बार ऊंचा किया. सेना को नमन करते हुए लोगों ने कहा कि देश की रक्षा में जुटे वीर जवानों पर हर भारतीय को गर्व है. रैली ने राष्ट्रीय एकता, सैन्य सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूती से उजागर किया. (रिपोर्ट: श्रवण कुमार महंत)
Source link