नई दिल्ली. नवाबों के शहर में क्रिकेट का सुल्तान अपने पैर रख चुका है और मुस्कराते हुए इस शहर से विदाई चाहता है जिसके लिए वो हरहाल में हैदराबाद को मात देकर प्वाइंट टेबल में टॉप पर पहुंचना चाहता है. पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का लक्ष्य शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीगमैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत हासिल कर नौ साल में पहली बार लीग चरण में शीर्ष दो में जगह बनाने का होगा.
आरसीबी 2016 सत्र में उप विजेता रही थी लेकिन इसके बाद से शीर्ष दो में नहीं पहुंची है. अभी टीम 12 मैच में 17 अंक के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है और अपने बचे हुए दो मैचों में जीत शीर्ष दो स्थान को सुरक्षित कर सकती है. शुक्रवार का मैच मूल रूप से बेंगलुरु की टीम का घरेलू मैच था लेकिन मानसून की शुरुआत के कारण इसे स्थानांतरित कर दिया गया.
‘विराट’ वार के फिराक में कोहली
20 दिन के ब्रेक और रिटायरमेंट के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि विराट कोहली किस अंदाज में मैदान पर उतरते है. आईपीएल खिताब जीतने की दौड़ में शामिल आरसीबी ने हाल के दिनों में अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया है.हमेशा की तरह टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने 11 पारियों में सात अर्धशतक बनाए हैं. कप्तान रजत पाटीदार, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने समय-समय पर पावरहिटिंग करके उनका अच्छा साथ दिया है. हालांकि ब्रेक से ठीक पहले पाटीदार की फॉर्म में गिरावट आई। वह अपने पहले पांच मैचों में 37.2 की औसत के बाद अगले पांच मैचों में 10.6 के औसत से सिर्फ 53 रन ही बना पाए। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान लगी उंगली की चोट से उबरने के बाद अब वह फिर नेट्स पर खुलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं जो आरसीबी के लिए अच्छा संकेत है. क्रुणाल पंड्या और सुयश शर्मा की स्पिन जोड़ी बहुत प्रभावी रही है जबकि जोश हेजलवुड और यश दयाल ने तेज गेंदबाजी विभाग में मुश्किल ओवरों को आसानी से पूरा किया है.
—- Polls module would be displayed here —-
बाएं हाथ के बाहुबलियों के भरोसे SRH
पिछले साल फाइनल तक पहुंची सनराइजर्स हैदराबाद की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स पर छह विकेट की जीत के बाद इस मुकाबले में उतरेगी. टीम इसी लय को जारी रखने और इस सत्र को जीत से समाप्त करने की कोशिश करेगी. एसआरएच के अभियान में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने बीच बीच में अच्छी पारियां खेली लेकिन लगातार अच्छा नहीं कर सके जिसके कारण टीम तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है.कप्तान पैट कमिंस और भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद उनकी गेंदबाजी इकाई संघर्ष करती दिखी है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार हैं :
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:
फिल साल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, यश दयाल
सनराइजर्स हैदराबाद:
पैट कमिंस (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, क्लासेन (विकेटकीपर), ट्रेविस हेड, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, अभिषेक शर्मा, नीतिश कुमार रेड्डी, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा