November 05, 2025
]]]]]]>]]]]>]]>
डेस्क मुनादी।। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। कार्तिक स्नान के लिए गंगा घाट जा रहे श्रद्धालु कालका एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसा मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 के पास हुआ, जहां श्रद्धालु प्लेटफॉर्म पार कर रहे थे। तेज रफ्तार से गुजर रही कालका एक्सप्रेस ने आठ श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालुओं का एक समूह दक्षिणाचल से गंगा स्नान के लिए मिर्जापुर पहुंचा था। वे ट्रेन से उतरकर दूसरी ओर प्लेटफॉर्म पार करने लगे, तभी कालका एक्सप्रेस गुजर गई और कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमें पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान की जा रही है, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय प्रशासन ने मुआवजे की घोषणा करने की बात कही है और रेलवे ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, हादसे का कारण श्रद्धालुओं द्वारा बिना अनुमति रेलवे ट्रैक पार करना बताया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी हालत में ट्रैक पार न करें और निर्धारित फुट-ओवर ब्रिज या अंडरपास का ही इस्तेमाल करें।
Your browser does not support the video tag.
Your browser does not support the video tag.