बुधवार का दिन विघ्नहर्ता श्री गणेश जी की पूजा करते हैं. गणेश जी प्रथम पूज्य हैं और उनकी पूजा के बिना कोई मांगलिक कार्य प्रारंभ नहीं होता है. जिन लोगों को अपने कार्यों में सफलता की कामना होती है, उसे गणपति बप्पा की पूजा जरूर करनी चाहिए. गणेश जी के आशीर्वाद से जीवन में मंगल होता है और शुभता बढ़ती है. गणपति महाराज की कृपा से जीवन में आने वाले विघ्न और बाधाएं दूर होती हैं. गणेश जी की पूजा और बुधवार का व्रत करने से कुंडली का बुध दोष दूर होता है. जो लोग गणेश जी की पूजा करते हैं, उनकी राशि के अनुसार विशेष मंत्र होता है. आप अपनी राशि के गणेश मंत्र का जाप करते हैं तो आपको ज्यादा लाभ हो सकता है. आइए जानते हैं कि आपके लिए बुधवार गणेश मंत्र क्या है?
राशि अनुसार बुधवार का गणेश मंत्र और फायदे
1. मेष राशि का गणेश मंत्र: आपकी राशि का गणेश मंत्र है ओम गं गंगणपतये नमः. यदि आप इस मंत्र का जाप करेंगे तो आपको कार्यों में सफलता मिलेगी और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी.
2. वृषभ राशि का गणेश मंत्र: वृषभ वाले लोगों को ओम वक्रतुण्डाय नमः गणेश मंत्र का जाप करना चाहिए. इस मंत्र का जाप करने से आपको मन की शांति मिलेगी और पारिवारिक जीवन सुखमय होगा.
3. मिथुन राशि का गणेश मंत्र: मिथुन राशि के जातकों को बुधवार या चतुर्थी के दिन ओम श्रीगणेशाय नम मंत्र का जाप करना चाहिए. इस मंत्र के शुभ प्रभाव से आपकी बुद्धि तेज होगी और वाणी में मधुरता आएगी.
4. कर्क राशि का गणेश मंत्र: आपकी राशि के लोगों के लिए प्रभावशाली गणेश मंत्र है ओम गजवक्त्राय नमः. इस मंत्र का विधि विधान से जाप करने पर कर्क राशि के लोगों का मन स्थिर रहेगा और भावनात्मक संतुलन रहेगा. इससे आपके निर्णय सही होंगे.
ये भी पढ़ें: मासिक कालाष्टमी पर करें यह उपाय, शनि, राहु, केतु सब होंगे शांत, अकाल मृत्यु का डर भी होगा खत्म!
5. सिंह राशि का गणेश मंत्र: सिंह राशि के लोगों को ओम लम्बोदराय नमः मंत्र का जाप करना चाहिए. इस गणेश मंत्र का जाप करने से नेतृत्व क्षमता बढ़ती और आत्मबल भी मजबूत होता है.
6. कन्या राशि का गणेश मंत्र: आपकी राशि के लोगों को ॐ विघ्ननाशाय नमः गणेश मंत्र का जाप करना चाहिए. इससे विघ्न और बाधा का नाश होगा. आपके कार्य सिद्ध होंगे. गणेश जी के आशीर्वाद से सफलता प्राप्त होगी.
7. तुला राशि का गणेश मंत्र: आपकी राशि के जातकों को ओम सुखकर्ता दुःखहर्ता नमः मंत्र का जाप करना चाहिए. इस मंत्र का जाप करने से जीवन में संतुलन आएगा और सुख-शांति की भी प्राप्ति होगी.
8. वृश्चिक राशि का गणेश मंत्र: वृश्चिक राशि के लोगों को गणेश जी के मंत्र ॐ एकदन्ताय नमः का जाप करना चाहिए. इस मंत्र के जाप से ज्ञान, साहस और निर्णय क्षमता में बढ़ोत्तरी होती है.
9. धनु राशि का गणेश मंत्र: इस राशि वाले लोगों को गणेश जी की कृपा पाने के लिए ओम हेरम्बाय नमः मंत्र का जाप करना चाहिए. इस मंत्र के जाप से आपकी आध्यात्मिक उन्नति होगी. आपको गुरु की कृपा प्राप्त होगी, जिससे आपका जीवन सफल होगा.
ये भी पढ़ें: दूसरा बड़ा मंगल आज, हनुमान जी की पूजा के समय करें यह एक उपाय, मिलेंगे बड़े 5 फायदे
10. मकर राशि का गणेश मंत्र: आपकी राशि का स्वामी शनि है. आपको ओम गजाननाय नमः मंत्र का जाप करना चाहिए. गणेश जी की कृपा से आपके काम सफल सिद्ध होंगे. धैर्य और समर्पण में भी बढ़ोत्तरी होगी.
11. कुंभ राशि का गणेश मंत्र: कुंभ राशि वालों को गणेश जी के ॐ सिद्धिविनायकाय नमः मंत्र का जाप करना चाहिए. इसको करने से आपके मन में नए विचार आएंगे. नए कामों में सफलता प्राप्त होगी. काम में आने वाली बाधाएं दूर होंगी.
12. मीन राशि का गणेश मंत्र: मीन राशि के जातकों को ॐ मूषकवाहनाय नमः मंत्र का जाप करना फलदायी होगा. इस मंत्र के जाप से आपकी कल्पना शक्ति मजबूत होगी और आध्यात्मिक विषयों में रुचि बढ़ेगी. पूजा पाठ में मन लगेगा. मन के विकार दूर होंगे.