छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. कहीं बारिश तो कहीं तेज हवाओं ने बढ़ती गर्मी के बीच आम जनता को राहत दी है. आने वाले कुछ दिन ऐसे ही रहेंगे. छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि के आसार बने हुए हैं. बीते दिनों पेंड्रा में 5 सेमी, रामानुजगंज में 3 सेमी और अन्य स्थानों पर 1-2 सेमी बारिश हुई है. वहीं बीजापुर में 7 सेमी, अंतागढ़ और उसूर में 3 सेमी, बेलरगांव, पखांजूर, कांकेर, कुटरू, गंगालूर, नेहरपुर, सरोना और नगरी में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई थी.
बीते दिनों छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज हवा और बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई थी. मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, 1 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. राज्य में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाएं और वर्षा की संभावना बनी हुई है. इसके अलावा 2 दिनों बाद भी कुछ स्थानों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वर्षा होने की संभावना जताई गई है.
जानें इन जिलों का मौसमतापमान में बदलाव की संभावना नहीं है. प्रदेश में अधिकतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है. बीते 24 घंटों में रायपुर में सर्वाधिक तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा जगदलपुर 5, बकावंड 3, करपावंड, कुनकुरी, माना-रायपुर-एपी, सन्ना, मुंगेली, लाभांडीह, खरसिया, चांपा – 2, रायगढ़, पेंड्रा रोड, जांजगीर, धमतरी, बलौदा, नानगुर, बड़ेराजपुर, पुसौर, माकड़ी, अकलतरा, लोहांडीगुड़ा, नांदघाट, कोटाडोल – 1 वर्षा दर्ज की गई है। वहीं 1 मई को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघाच्छादित रहेगा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.