Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी, जानें अपने जिले का हाल



बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है. पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिकाओं की सक्रियता के चलते आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज़ हवाओं की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी करते हुए तापमान में भी हल्की वृद्धि की चेतावनी दी है. वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के शुरुआती संकेत भी नजर आने लगे हैं.

उत्तर पाकिस्तान और उसके आस-पास 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौसम को प्रभावित कर रहा है. इसके अतिरिक्त एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण तेलंगाना से मन्नार की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बनी हुई है। इन तंत्रों के प्रभाव से प्रदेश में अस्थिरता बढ़ी है.

राज्य में बारिश और गरज-चमक की संभावना

10 मई को छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा अथवा छींटे पड़ने की संभावना है. साथ ही कुछ स्थानों पर अंधड़ और वज्रपात भी हो सकता है. आने वाले 5 दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मध्यम से तीव्र मेघ गर्जन के आसार भी व्यक्त किए गए हैं.

तेज़ हवाओं का अलर्ट, बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 10 मई को कुछ स्थानों पर तेज़ हवा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है. वहीं दो दिन बाद तेज़ हवा की गति 50-60 किमी/घंटा तक पहुंचने की आशंका है, जिसके साथ हल्की से मध्यम वर्षा भी हो सकती है. तापमान में हल्की वृद्धि होगी, लेकिन कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. प्रदेश में अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि का दौर बना रहेगा, हालांकि आने वाले चार दिनों में तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है. बीते 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 40.2°C दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.5°C जगदलपुर में रहा.

पिछले 24 घंटों में कहां-कहां हुई बारिश

राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई. भोपालपटनम में 7 सेमी, गरियाबंद में 4 सेमी, गिधौरी टुंड्रा, धमतरी और नानगुर में 3-3 सेमी वर्षा दर्ज की गई. अन्य स्थानों में नारायणपुर, लोहांडीगुड़ा और बेलरगांव में 2-2 सेमी तथा तोकापाल में 1 सेमी वर्षा हुई. वहीं राजधानी रायपुर में 10 मई को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने के साथ गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने की उम्मीद है.



Source link

Leave a Comment