Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ वालों सावधान! 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी, IMD का अलर्ट



बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न वायुमंडलीय सिस्टम्स के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा, तेज हवाएं और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. दक्षिण छत्तीसगढ़ में मानसून पूर्व गतिविधियों के संकेत मिल रहे हैं, वहीं अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे वृद्धि का सिलसिला जारी है.

सिनोप्टिक सिस्टम की स्थिति

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, वर्तमान में निम्न वायुमंडलीय स्थितियां प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं. पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में 5.8 किमी की ऊंचाई तक सक्रिय, जो वर्तमान में 32° उत्तरी अक्षांश और 73° पूर्वी देशांतर पर स्थित है. चक्रवाती परिसंचरण: पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार के ऊपर बना चक्रवातीय परिसंचरण, जो 0.9 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है. इससे एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ होते हुए दक्षिण ओडिशा तक विस्तारित है. उत्तर-दक्षिण द्रोणिका: पश्चिमी विदर्भ से केरल तक 1.5 किमी ऊंचाई तक फैली एक और द्रोणिका सक्रिय है.

5 दिनों तक वर्षा और आंधी की संभावना

राज्य में 14 मई को एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है. वहीं कुछ क्षेत्रों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, वज्रपात और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक, आंधी और मध्यम वर्षा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं, जो मानसून के आगमन के संकेत माने जा सकते हैं. उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है. मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक तापमान स्थिर रहने के आसार हैं.

ये भी पढ़ें: गर्मी में सेहत का खजाना है यह भाजी, छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर हो रही खेती, खासियत कर देगी हैरान

प्रदेश के कुछ स्थानों पर हुई हल्की बारिश

प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई. रायपुर में अधिकतम तापमान 41.8°C, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 25.3°C रहा. वर्षा का कोई महत्वपूर्ण आंकड़ा दर्ज नहीं किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अब दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान द्वीप समूह में अनुकूल हो रही हैं. अगले कुछ दिनों में इन क्षेत्रों में मानसून की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है. राजधानी रायपुर में 14 मई को आंशिक रूप से मेघमय आसमान रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान: लगभग 42°C और न्यूनतम तापमान: लगभग 30°C रहने की संभावना है.

अगले कुछ दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवा (50-60 किमी/घंटा) और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. 2 दिन बाद यह गति घटकर 40-50 किमी/घंटा हो सकती है, लेकिन हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी रहेगी.



Source link

Leave a Comment