बुधवार का दिन ग्रहों के राजकुमार बुध का होता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, बुध ग्रह वाणी, बुद्धि और व्यापार के ग्रह माने जाते हैं. जिसकी कुंडली में बुध दोष होता है बुध का अशुभ प्रभाव होता है, उनको वाणी दोष होता है, उनका बिजनेस अच्छा नहीं चलता है. उस व्यक्ति की तर्क शक्ति कमजोर हो सकती है. ऐसे में आप बुधवार के दिन कुछ टोटकों और ज्योतिष उपायों को करके लाभ प्राप्त कर सकते हैं. बुध को मजबूत करके लाभ पा सकते हैं. आइए जानते हैं बुधवार के टोटके और ज्योतिष उपायों के बारे में.
बुधवार के टोटके और ज्योतिष उपाय
1. बुधवार को बुध के मंत्र “ॐ ब्रां ब्रीं ब्रौं सः बुधाय नमः का जाप करें. बुध के मंत्र जाप से शुभ प्रभाव देखने को मिल सकता है. इससे आपकी वाणी और बिजनेस पर सकारात्मक असर हो सकता है. आपको इस दिन 108 बार मंत्र जाप करना चाहिए. इससे शिक्षा और संचार कौशल में सुधार होता है.
2. बुधवार के दिन किसी गाय को हरा चारा खिलाएं. इसमें भी विशेषकर हरी मूंग या हरा धनिया खिलाएं. इससे बुध ग्रह शांत होगा और आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है. बुधवार के दिन हरा चारा का दान करने से कुंडली का बुध दोष मिटता है.
3. जिनकी कुंडली में बुध कमजोर हो, वे बुधवार के दिन हरे रंग के कपड़े पहनें. या फिर वे हरे रंग की रूमाल रख सकते हैं. हरा रंग बुध का शुभ रंग होता है. इस दिन हरे रंग की वस्तुओं का उपयोग करना शुभ होता है. इससे सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और बुध का दुष्प्रभाव भी दूर होता है.
ये भी पढ़ें: धन प्राप्ति के करें ये 5 आसान टोटके, मां लक्ष्मी की होगी कृपा! धन-दौलत से भर जाएगी तिजोरी
4. बुधवार के दिन आप छोटे बच्चों को हरे फल, हरे कपड़े, हरे रंग वाली टॉफी आदि का दान करें. इस उपाय को करने से बुध का अशुभ फल मिटेगा और आपकी वाणी का प्रभाव बढ़ेगा. इस दिन आप गरीब बच्चियों को कॉपी, किताब और पेंसिल दान करें. इनका रंग हरा हो तो बहुत अच्छा है.
5. बुधवार के दिन सुबह में तुलसी के पौधे को जल दें. उस दौरान ॐ नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप करें. इस उपाय को करने से बुध ग्रह के दोष मिट जाते हैं.
6. बुध ग्रह को सही करने के लिए गणेश जी की पूजा करें. गणेश जी की कृपा से बुध ग्रह का दोष मिटता है. बुधवार को गणेश जी को दूर्वा यानि घास अर्पित करें. पूजा के समय ॐ गं गणपतये नमः मंत्र का जाप करें.
ये भी पढ़ें: निर्जला एकादशी 2 दिन, गृहस्थ रखेंगे 32 घंटे उपवास, जानें स्मार्त-वैष्णव व्रत की तारीख, मुहूर्त, पारण
7. बुध को मजबूत करने के लिए बुधवार को हरी मूंग की दाल, कांस्य के बर्तन, हरे रंग के वस्त्र आदि का दान करें. यह दान किसी ब्राह्मण या गरीब को करें. पूजा स्थान पर बुध यंत्र की स्थापना करके पूजा करें.
बुध का शुभ रत्न
बुधवार के दिन पन्ना रत्न या बुध यंत्र धारण करना चाहिए. इसको पहनने से बुध मजबूत होगा और उसकी नकारात्मकता दूर होगी.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)